देवरीकलां- देवरी नगर के कौशल किशोर वार्ड स्थित मुक्तिधाम में विगत 1 वर्ष से भी लंबे समय से जन सहयोग चल रही कायाकल्प की मुहिम अब रंग लाने लगी है। मुक्तिधाम में नियमित साफ सफाई वृक्षारोपण सहित सौन्दर्यीकरण प्रयासों से अब मुक्तिधाम एक सुन्दर पार्क में बदल रहा है। रविवार को अवकाश दिवस में आयोजित महा श्रमदान अभियान में नगर के बुद्धिजीवी नागरिकों, युवाओं एवं नगरपालिका कर्मियों ने कई घंटो तक साफ सफाई कर पसीना बहाकर स्वच्छता और सौन्दर्यीकरण के संकल्प को दोहराया।
रविवार सुबह से ही मुक्तिधाम में आयोजित महा श्रमदान में भाग लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए और उन्होने मुक्तिधाम में साफ-सफाई, रोपित वृक्षों की गुढ़ाई सहित शमशान शेड के आसपास जमा कचरे का निष्पादन एवं गौशाला में साफ सफाई एवं गायों के लिए चारे पानी आदि की व्यवस्था में हाथ बटाया। लगभग 5 घंटे तक चले इस अभियान में जमा हुए लोगों ने मूर्ति निर्माण एवं फर्श पेवर ब्लाक कार्य का निरीक्षण किया एवं आगामी योजना पर चर्चा की।
मुक्तिधाम में गौशाला का संचालन
जन सहयोग से चल रही इस कायाकल्प मुहिम शमशान की खाली भूमि पर नगर में घूम रहे आवारा गौवंश के लिए आश्रय प्रदान करने के लिए एक गौशाला की शुरूआत एक वर्ष पूर्व आरंभ की गई थी जिसमें लगभग 40 से अधिक गौवंश को आश्रय दिया गया है। इस संबंध में नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अलकेश जैन ने बताया कि जिन मुक्तिधामों में अधिक भूमि है उनमें गौशालाओं का संचालन किया जा सकता है। मुक्तिधाम एक जगह है जहाँ व्यक्ति सब कुछ भूलकर जनकल्याण एवं सर्वकल्याण की भावना और संसार की वास्तविक सच्चाई के करीब होता है। उन्ही संवेदनाओं को साकार रूप देने के लिए नागरिकों के सहयोग से नगर में भटक रहे गौवंश को एकत्र कर मरघट महेश्वर गौशाला आरंभ की गई थी। जिसमें गायों के लिए शेड निर्माण, भूसा संग्रह शेड सहित पेयजल व्यस्था सुनिश्चत की गई है। नागरिकों द्वारा इस कार्य में सहयोग किया जा रहा है।
जन सहयोग से सौन्यदर्यीकरण
कौशल किशोर मुक्तिधाम में जन सहयोग से शमशान स्थल का समतलीकरण, संरक्षित वृक्षारोपण, अस्थि कक्ष एवं भगवान शिव प्रतिमा निर्माण, पेवर्स ब्लाक कार्य एवं पहुँच मार्ग की दोनो पटरियों पर एक्युप्रेशर ब्लेक लगाये गये है। इस कार्य में नगर के 1500 से अधिक परिवारों द्वारा आर्थिक सहयोग एवं साम्रगी भेंट कर सहयोग किया गया है।
Leave a Reply