विपिन शर्मा (देवरीकलां) क्षेत्र में खरीफ सीजन के बीच चल रहे खाद संकट को लेकर किसानों में बढ़ रही नाराजगी को लेकर अब प्रशासन एक्शन की स्थिति में है। बुधवार सायं एसडीएम, तहसीलदार एवं कृषि अधिकारियों ने राजस्व विभाग, कृषि विभाग एवं पुलिस अमले के साथ सहजपुर रोड स्थित एक फर्म पर छापामार कार्रवाई कर 800 बोरी उर्वरक जब्त किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला कलेक्टर संदीप जी आर द्वारा खाद के जमाखोरों एवं कालाबाजारियों पर कार्रवाई के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए देवरी एसडीएम मुनव्वर खान राजस्व, कृषि विभाग एवं पुलिस अमले के साथ छापामार कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में डीएपी, एस.एस.पी. एवं पोटाश जब्त किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार बुघवार शाम की गई इस कार्रवाई में प्रशासनिक अमले ने सहजपुर रोड स्थित फर्म सुरेश कुमार तनय दरबारी लाल जैन की दूकान की गोदाम से 800 बोरी डीएपी, एसएसपी एवं पोटाश खाद जब्त किया। उक्त फर्म हर्षित जैन पिता सुरेश जैन की बताई गई है।
कहाँ से आया खाद कोई रिकार्ड नही
प्रशासनिक कार्रवाई में एक बार फिर खाद भंडारण एवं वितरण व्यवस्था बेनकाब हुई है, कार्रवाई में अधिकृत फर्म से बड़ी मात्रा में बरामद खाद की किसी भी प्रकार की कोई आवक रसीद एवं संबंधित ऐजेंसी की कोई भी जानकारी फर्म संचालक उपलब्ध कराने में असफल रहे। अधिकारियों ने मौका स्थल पर पाया कि शासन के निर्देशानुसार पीओएस मशीन में भी भंडारित खाद की किसी भी प्रकार की ऐन्ट्री नही की गई थी जो कि अनिवार्य है। मौके पर अधिकारियों द्वारा पूछे जाने पर भी फर्म संचालक खाद प्राप्त होने का स्त्रोत या उससे संबंधित दस्तावेजों की जानकारी देने या उपलब्ध कराने में पूर्णतः असफल रहे। जांच में फर्म की आवक पंजी एवं स्टॉक पंजी भी उपलब्ध नही पाई गई साथ ही फर्म में भंडरित खाद की मात्रा एवं उसके निर्धारित दर संबंधी रेट लिस्ट भी चस्पा नही पाई गई।
प्रशासन ने सील किया भंडार कक्ष
प्रशासन की छापामार कार्रवाई में बड़ी मात्रा में अवैध रूप से भंडारित खाद की बरामदगी के बाद अधिकारियों द्वारा संबंधित फर्म के भंडार केन्द्र को सील कर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार भंडार केन्द्र में छापामार कार्रवाई में अलग अलग कमरों में भंडारित लगभग 800 बोरी डीएपी, एसएसपी एवं पोटाश की बोरिया बरामद की गई है। अधिकारियों द्वारा उनके प्राप्त स्त्रोत एवं उनकी गुणवत्ता प्रमाण संबंधी जांच की जाएगी। कार्रवाई में एसडीएम देवरी मुनव्वर खान, वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी श्री जारौलिया सहित राजस्व अधिकारी, कृषि विभाग के अधिकारी एवं पुलिस बल शामिल था।
इनका कहना है
कार्रवाई के संबंध में देवरी एसडीएम मुनव्वर खान ने बताया कि जिला कलेक्टर सागर के निर्देश पर अवैध खाद भंडारण एवं कालाबाजारी के विरूद्ध प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जा रही है। इसी के तहत संबंधित फर्म का औचक निरीक्षण किया गया था जिसमें भंडार केन्द्र से लगभग 800 बोरी उर्वरक का अवैध भंडारण पाया गया है। मामले संबंधित फर्म के विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply