गंभीर हुआ खाद का संकट, थानों में कतारें सड़कों पर किसानों का प्रदर्शन

किसानों में नाराजगी, एनएच 44 पर लगाया जाम, सरकार के खिलाफ नारेबाजी

Farmers angry due to shortage of fertilizers in Deori, blocked NH 44, raised slogans against the government
Farmers angry due to shortage of fertilizers in Deori, blocked NH 44, raised slogans against the government

(देवरीकलाँ) खरीफ फसलों के लिए खाद के संकट का सामना कर रहे किसानों के सब्र का पैमाना अब छलकने लगा है। पुलिस थानों से हो रहे खाद के अपर्याप्त वितरण से किसानों में भारी नाराजगी है। गौरझामर और केसली के बाद अब देवरी में भी किसानों ने सड़क पर जाम लगाकर सरकार के विरूद्ध जमकर नारेबाजी की। राष्ट्रीय राजमार्ग 44 सिलारी तिराहे पर एकत्र हुए सैकड़ों किसानों के लगभग आधा घंटा चले प्रदर्शन के दौरान यातायात बाधित रहा जिससे सड़क पर सैकड़ों वाहनों के पहिए रूक गये। बाद में प्रशासन एवं पुलिस बल द्वारा किसानों को हटाकर यातायात सुचारू किया गया।

खरीफ फसलों को लेकर के लिए खाद की मारा-मारी अब गंभीर स्थिति में पहुँच गई है। विगत एक पखवाड़ें की लगातार बारिश के बाद मौसम खुलने से फसलों में खाद डालने की तैयारी में जुटे किसानों के समक्ष खाद का आभाव गंभीर समस्या बन चुका है। खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन द्वारा पुलिस थानों से की जा रही कूपन वितरण व्यवस्था किसानों की परेशानी का सबब बन चुकी है। पुलिस थानों में किसानों की लंबी लंबी कतारों और दिन भर की आपाधापी के बाद भी खाद न मिलने से किसानों में आक्रोश व्याप्त है। शासन प्रशासन द्वारा की गई वर्तमान खाद वितरण व्यवस्था को लेकर भी किसानों ने नाराजगी जाहिर की है। उनका कहना है कि एकल व्यवस्था होने के कारण भारी भीड़ जमा रहती है, वितरण में उन्हें पर्याप्त खाद भी नही दिया जा रहा है। किसानों का आरोप है कि सरकार खाद की पर्याप्त उपलब्धता का दावा कर रही है, लेकिन ज़मीनी हकीकत ये है, किसानों को घंटों भूखे-प्यासे कतारों में खड़ा रहना पड़ रहा है, फिर भी खाद नहीं मिल रही है।

एन.एच. 44 पर जाम लगाकर की नारेबाजी
विगत मंगलवार को खाद न मिल पाने के कारण नाराज किसानों ने जलूस की शक्ल में नारेबाजी की और एन.एच. 44 सिलारी चौराहे पहुँचकर सड़क पर बैठकर रास्ता बंद कर दिया गया। जिससे यातायात बाधित हो गया और सैकड़ों वाहन राष्ट्रीय राजमार्ग पर रूक गये। लगभग 30 मिनिट तक चले इस प्रदर्शन के दौरान किसानों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री, देश के प्रधानमंत्री, और राज्य के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री के खिलाफ जमकर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कृषक भी शामिल रही। किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही खाद की आपूर्ति नहीं सुधरी तो आगामी दिनों में आंदोलन और उग्र किया जाएगा। सूचना मिलने के बाद प्रदर्शन स्थल पहुँचे एसडीएम मुनव्वर खान एवं राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों ने किसानों से बात की एवं किसानों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया। इससे पूर्व खाद संकट को लेकर क्षेत्र के गौरझामर एवं केसली में भी किसानों द्वारा सड़क पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया जा चुका है।

वितरण व्यवस्था से किसान नाराज
किसान प्रशासन की मौजूदा खाद वितरण व्यवस्था से खासे नाराज है, किसानों का कहना है कि उनकी फसलों के लिए खाद की तात्कालिक आवश्यकता है परंतु उन्हें खाद नही मिल पा रहा है। देवरी थाने में एक मात्र केन्द्र बनाया गया है जिस पर भारी भीड़ के कारण उन्हे दिन भर धूप और गर्मी में खड़ा रहना पड़ता है। इसके बाद भी प्रशासन उन्हे उनकी मांग के अनुरूप खाद उपलब्ध नही करा पा रहा है। समय पर खाद नहीं मिलने से फसलें प्रभावित हो रही हैं जिससे उनके समक्ष रोटी रोटी का संकट है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*